पौड़ी

खिर्सू के देवलगढ़ में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर आयोजित, 276 लाभार्थियों को मिला लाभ

पौड़ी/खिर्सू। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल की 115 न्याय पंचायतों में बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विकासखंड खिर्सू की न्याय पंचायत देवलगढ़ में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की।

शिविर में कुल 276 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। प्रभारी जिलाधिकारी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले पात्र व्यक्तियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें मौके पर ही लाभान्वित किया जाए।

बहुउद्देश्यीय शिविर के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। शिविर में कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। अधिकतर शिकायतें जल संस्थान, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं वन विभाग से संबंधित रहीं।

प्रभारी जिलाधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर जाकर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 18 दिसंबर से प्रारंभ होकर आगामी 18 मार्च तक जनपद की सभी 115 न्याय पंचायतों में संचालित किया जाएगा, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, वन, होम्योपैथिक, उद्यान, खाद्य पूर्ति विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। सैनिक कल्याण विभाग द्वारा सात पूर्व सैनिकों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। उद्यान विभाग ने 10 लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ तीन लोगों को कृषि यंत्र वितरित किए तथा 10 लाभार्थियों को कीटनाशक एवं खाद उपलब्ध कराई।

आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 80 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से 68 को दवाइयां वितरित की गईं। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की, दो गोद भराई एवं दो अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न कराए तथा 15 लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। पशुपालन विभाग ने नौ पशुपालकों को पशुओं की दवाइयां दीं और 13 लोगों को योजनाओं से अवगत कराया।

कृषि विभाग द्वारा 12 लाभार्थियों को कृषि यंत्र तथा चार को कृषि से संबंधित दवाइयां वितरित की गईं। राजस्व विभाग ने मौके पर ही चार शिकायतों का निस्तारण किया। रेशम विभाग ने 12 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 27 लोगों को दवाइयां वितरित की गईं। होम्योपैथिक विभाग ने 48 लोगों को सामान्य बीमारियों के संबंध में परामर्श दिया।

शिविर के नोडल अधिकारी एवं समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि शिविर में कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों को निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया है।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख खिर्सू अनिल भंडारी, ज्येष्ठ प्रमुख नितिन रावत, ग्राम प्रधान देवलगढ़ सुमन देवी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, सहायक निदेशक दुग्ध नरेंद्र लाल, तहसीलदार दीपक भंडारी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी सत्यपाल सिंह रावत, सहायक निबंधक सहकारिता पान सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *