पौड़ी

मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की प्रमुख सचिव ने की समीक्षा; विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी। प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं सीधे जनहित से जुड़ी होती हैं, इसलिए इनके लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और लक्ष्य आधारित कार्यशैली अपनाने पर जोर दिया।

बैठक में यमकेश्वर क्षेत्र की जुलेड़ी–ढोंसण एवं धारकोट के मध्य 14 किमी मोटर मार्ग मिलान कार्य, पौड़ी मुख्य बाजार हेरिटेज स्ट्रीट से जुड़े सौंदर्यीकरण कार्य तथा दुगड्डा क्षेत्र में भवानी सिंह रावत शहीद स्मृति स्थल के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण जैसे प्रमुख विषयों की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को इन कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, युवा कल्याण, सिंचाई, पेयजल और उच्च शिक्षा विभागों से जुड़ी घोषणाओं की प्रगति तेज करने की आवश्यकता भी जताई। प्रमुख सचिव ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा की जा रही नियमित मॉनिटरिंग से कार्यों की प्रगति सकारात्मक है, लेकिन कुछ विभागीय स्तर पर और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां भी जरूरत होगी, सुधारात्मक कदम तुरंत लागू किए जाएंगे।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि प्रमुख सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े सभी लंबित मामलों का समयबद्ध, जिम्मेदार और संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनहित से जुड़े कार्यों में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

बैठक में आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, मुख्य वन संरक्षक धीरज पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, एडीएम अनिल गर्ब्याल, नगर आयुक्त कोटद्वार पी.एल. शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *