मानव–वन्यजीव संघर्ष रोकथाम पर उच्चाधिकारियों का गढ़वाल दौरा; मृतक के परिजनों को दी सांत्वना व आर्थिक सहायता
पौड़ी। जनपद में बढ़ते मानव–वन्यजीव संघर्ष को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में प्रमुख वन सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (HOF) तथा आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय ने आज प्रशासनिक टीम के साथ तहसील पौड़ी के गजल्ड गांव का दौरा किया। अधिकारियों ने गुलदार के हमले में मृत राजेन्द्र नौटियाल के परिजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की और मुआवजे की अग्रिम राशि का चेक प्रदान किया।

प्रमुख वन सचिव ने घटना के बाद जिला प्रशासन व वन विभाग द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चुनौती का समाधान सरकारी तंत्र और समुदाय की सहभागिता के मजबूत समन्वय में निहित है।
घटनास्थल का निरीक्षण एवं ग्रामीणों की समस्याओं पर संवाद
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आदमखोर गुलदार के निस्तारण हेतु की जा रही व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इसके बाद सत्यखाल गांव में स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर वन्यजीव संबंधी शिकायतें सुनीं और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने रखे सुझाव, अधिकारियों ने मौके पर दिए निर्देश
दौरे के उपरांत प्रभावित क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने विकास भवन में प्रमुख वन सचिव से मुलाकात कर संघर्ष न्यूनीकरण के प्रभावी उपाय सुझाए—
स्थानीय अनुभवी व्यक्तियों को निस्तारण दल में शामिल करने
दो निजी शूटरों की अनुमति प्रदान करने
प्री-रिकॉर्डेड ऑडियो संदेशों के जरिए जनजागरुकता प्रसारित करने
प्रमुख वन सचिव ने इन सभी बिंदुओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और प्रमुख मुद्दों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।

अधिकारियों की बैठक: संघर्ष न्यूनीकरण को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश
विकास भवन सभागार में आयोजित विभागीय बैठक में प्रमुख वन सचिव ने निर्देश दिए—
प्रत्येक रेंज स्तर पर नियमित रूप से प्रभागीय दिवस आयोजित किया जाए
“क्या करें–क्या न करें” आधारित जनजागरुकता सामग्री तैयार कर शीघ्र वितरित की जाए
व्हाट्सएप समूहों व विभागीय सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वन्यजीव गतिविधियों की सूचनाएं नियमित साझा की जाएं
प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए
उन्होंने झाड़ी कटान अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित करने हेतु लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत और नगर पालिका को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि आवश्यक होने पर अतिरिक्त धनराशि शासन उपलब्ध कराएगा।
आयुक्त गढ़वाल और जिलाधिकारी ने की स्थिति की समीक्षा
आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडेय ने कहा कि मानव–वन्यजीव संघर्ष एक अत्यंत संवेदनशील विषय है, जिसमें त्वरित कार्यवाही के साथ समुदाय का सामूहिक सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनजीवन की सुरक्षा और प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि संघर्ष न्यूनीकरण से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का अनुपालन कड़ाई से किया जा रहा है।
प्रभावित क्षेत्रों में चारा व्यवस्था के लिए पशुपालन विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश
विद्यालयों व आंगनबाड़ियों के समय में सुरक्षा के दृष्टिगत परिवर्तन
वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से जागरूकता प्रसार, झाड़ी कटान और अन्य न्यूनीकरण उपायों की कार्रवाई जारी
इस दौरान प्रमुख वन संरक्षक (HOF) रंजन कुमार मिश्र, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीएफ धीरज पांडे, वन संरक्षक आकाश वर्मा, डीएफओ अभिमन्यु सिंह, डीएफओ जीवन मोहन दगाड़े, डीएफओ तरुण एस, एडीएम अनिल गर्ब्याल, एसडीएम दीक्षिता जोशी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
