जनरल बिपिन रावत की पुण्यतिथि पर विपिन रावत पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
पौड़ी। आज जनपद मुख्यालय स्थित विपिन रावत पार्क में भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, शहीद जनरल बिपिन रावत की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया सहित जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उपस्थित होकर वीर सपूत को नमन किया।

जिलाधिकारी ने जनरल रावत की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जनरल बिपिन रावत केवल एक महान सैन्य अधिकारी ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की गौरवशाली धरती के ऐसे वीर पुत्र थे, जिनकी राष्ट्र सेवा, नेतृत्व क्षमता और अदम्य साहस सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनरल रावत का जीवन देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की उत्कृष्ट मिसाल है, जिसे आने वाली पीढ़ियाँ हमेशा याद रखेंगी।
कार्यक्रम गरिमामय और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी जनरल रावत के योगदान को याद करते हुए देश की सुरक्षा के लिए उनके अमूल्य समर्पण को नमन किया।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
