जिलाधिकारी के निरीक्षण का दिखा असर, खोदी गई सड़कों की मरम्मत में आई तेजी
पौड़ी/कोटद्वार। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने 02 दिसंबर को कोटद्वार नगर क्षेत्र में एडीबी सहायतित पाइपलाइन परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों की खुदाई से आमजन को हो रही असुविधाओं पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कार्यदायी संस्था को तुरंत सड़कों को पूर्व स्थिति में बहाल करने के निर्देश दिए थे, जिसका सकारात्मक प्रभाव अब दिखने लगा है।

निर्माणदायी संस्था द्वारा खोदी गई लगभग 85 किमी सड़क में से 25 किलोमीटर हिस्से का मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं वार्ड संख्या 17, 18, 19, 20, 23 और 26 में सीसी मरम्मत कार्य तेजी से प्रगति पर है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शेष सड़क मार्गों पर भी कार्य तेज़ गति से जारी है ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी मार्गों को पूर्ववत स्थिति में बहाल किया जा सके।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग–138 पर लालपुर–कलालघाटी–नयाबाद मोटर रोड तक 1.10 किमी और शिवपुर चौराहा से कंडारी शॉप मोटर रोड तक 900 मीटर हिस्से पर बिटुमिनस सड़क निर्माण तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत कार्यदायी संस्था द्वारा नगरवासियों की सहूलियत के लिए शिकायत एवं सुझाव संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के बैनर भी विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी स्वयं कार्यों की दैनिक रिपोर्ट लेकर प्रगति की सतत निगरानी कर रही हैं।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
