ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं की जिलाधिकारी ने की गहन समीक्षा
पौड़ी गढ़वाल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डबल लॉक प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन सुरक्षा तथा सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती सहित संपूर्ण सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वेयरहाउस में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरे पूर्णतः क्रियाशील रहें तथा तैनात पुलिस बल नियमित रूप से सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण सुनिश्चित करे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, संरचना और प्रक्रियाओं की भी जानकारी प्रदान की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और तत्परता का परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अग्निशमन यंत्रों का समय-समय पर परीक्षण आवश्यक है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों से समय पर बीएलए-2 की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, लोनिवि की सहायक अभियंता अंकिता सक्सेना, तथा भाजपा, कांग्रेस और भाकपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उपस्थित प्रतिनिधियों में भाजपा से राजेन्द्र सिंह राणा, कांग्रेस से भरत रावत, तथा भाकपा से सुरेन्द्र सिंह शामिल थे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
