माँ कालिंका मंदिर मेले की तैयारियों पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने दिए आवश्यक निर्देश
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, परिवहन एवं मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
पौड़ी गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने गुरुवार को जिलाधिकारी पौड़ी से दूरभाष पर वार्ता कर विकासखण्ड बीरोंखाल के अंतर्गत माँ कालिंका मंदिर में 06 दिसम्बर 2025 को आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, मेडिकल टीम व एम्बुलेंस, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता तथा मोटर मार्गों को सुचारू रखने की विशेष व्यवस्था करने को कहा। साथ ही उन्होंने पौड़ी, रामनगर, कोटद्वार, धूमाकोट, बैजरो सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं हेतु पर्याप्त और सुव्यवस्थित बस परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री ने ग्राम गजल्ड में गुलदार के हमले में 45 वर्षीय राजेंद्र नौटियाल की मृत्यु को अत्यंत दुखद बताया और गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने प्रभावित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि सरकार हर संभव सहायता के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने वन्यजीव हमलों की रोकथाम और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
