सड़क नहीं, संकट में जिंदगी! मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग की मौत
पलायन से गांव में लोगों की कमी और सड़क सुविधा का अभाव बना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती।
द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल की ग्राम पंचायत वरगड्डी के ग्राम बागों में मधुमक्खियों के हमले से 83 वर्षीय महेशचंद्र कोठारी की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, समय पर सड़क तक पहुंचाने में आई कठिनाइयों के चलते उन्हें अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों ने मोलाखाल-बागों-सिलोगी मोटरमार्ग का निर्माण न होने पर नाराजगी जताई है।

ग्राम पंचायत वरगड्डी के प्रधान विकास चंद्र जुगरान ने बताया कि रविवार सुबह महेशचंद्र कोठारी शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। किसी तरह घर पहुंचने के बाद उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने घरेलू उपचार किया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
प्रधान ने बताया कि पलायन के चलते गांव में जरूरत के समय चार लोगों का एकत्र होना भी मुश्किल हो गया है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और मोटरमार्ग से गांव की अधिक दूरी के कारण बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने में ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार को ग्रामीणों की मदद से उन्हें किसी तरह सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें हंस अस्पताल, चमोलीसैंण ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन देवप्रयाग पहुंचने पर उन्होंने दम तोड़ दिया।
ग्राम प्रधान विकास चंद्र जुगरान ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से मोलाखाल-बागों-सिलोगी मोटरमार्ग की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को आपातकालीन परिस्थितियों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मोटरमार्ग निर्माण की मांग पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीण आंदोलन के लिए विवश होंगे।

