गुलदार के हमले में ग्रामीण की मृत्यु, प्रशासन और वन विभाग तुरंत हरकत में
पौड़ी गढ़वाल। गुरुवार प्रातः लगभग 06:30 बजे तहसील पौड़ी के ग्राम पंचायत चवथ के गजल्ड (गजेंद्रपुर) गांव में गुलदार के हमले में 45 वर्षीय राजेन्द्र नौटियाल पुत्र बच्ची राम नौटियाल की मृत्यु हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और वन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। वन विभाग की रैपिड रेस्पॉन्स टीम के 16 सदस्य पिंजरे और आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। उसके बाद जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी सहित अन्य अधिकारी भी गांव पहुंचे।
जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रशासन पूरी तरह परिवार के साथ है। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन से गुलदार के शूटिंग की अनुमति मांगी गई, जिसे मात्र दो घंटे में स्वीकृति मिल गई। स्वीकृति के बाद शूटरों की तैनाती की तत्काल कार्रवाई की गई और अपराह्न 3 बजे तक शूटर घटनास्थल पर पहुँच गए।
आक्रोशित ग्रामीणों को जिलाधिकारी ने धैर्यपूर्वक समझाकर शांत किया और भरोसा दिलाया कि पूरा सरकारी तंत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
जिलाधिकारी ने संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी और वन विभाग को निर्देश दिए कि पशुपालन विभाग के माध्यम से पशुओं हेतु चारे की व्यवस्था प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा की दृष्टि से संकुल ढ़ाण्डरी, संकुल बाड़ा और संकुल चरधार के कक्षा 01 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ियों में 5 एवं 6 दिसंबर को अवकाश घोषित कर दिया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
मौके पर डीएफओ अभिमन्यु सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, एसडीओ फॉरेस्ट आयशा बिष्ट, पुलिस और वन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
