पौड़ी

राजकीय इंटर कॉलेज कमलपुर में ‘अफसर बिटिया’ कार्यक्रम आयोजित

पौड़ी गढ़वाल। बाल विकास परियोजना विकासखंड कोट द्वारा शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज कमलपुर में ‘अफसर बिटिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बिष्ट द्वारा बाल विकास परियोजना अधिकारी कोट अंजू चमोली सहित वन स्टॉप सेंटर, स्वास्थ्य विभाग, खंड विकास कार्यालय से आए अधिकारियों, रोल मॉडल बालिकाओं, विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं के स्वागत के साथ हुई।

कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी अंजू चमोली ने बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्य, महत्त्व एवं इसकी आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी। वन स्टॉप सेंटर से अमृता रावत ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट तथा गुड टच–बैड टच के बारे में जागरूक किया। खंड विकास कोट कार्यालय से बीएमएम अलका भंडारी ने कौशल विकास योजनाओं के बारे में बताया। स्वास्थ्य विभाग से सीएचओ खोलाचौरी प्रीति ममगाईं ने किशोरावस्था, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार एवं मासिक धर्म से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ छात्राओं के साथ साझा कीं।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की पूर्व छात्राएँ एवं रोल मॉडल कंचन और शिवानी—जो क्रमशः पैरामेडिकल एवं चित्रकला के क्षेत्र में कार्यरत हैं—ने अपने अनुभव साझा कर छात्राओं को प्रोत्साहित किया।

अंत में बाल विकास परियोजना अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों, विद्यालय स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री पूनम, सहायिकाओं तथा छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *