अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज फुटबॉल प्रतियोगिता में पौड़ी जनपद के तीन खिलाड़ी चयनित
पौड़ी। खेल क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता साबित करते हुए पौड़ी जनपद के तीन खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज फुटबॉल (पुरुष वर्ग) प्रतियोगिता 2025-26 के लिए उत्तराखण्ड राज्य टीम में स्थान बनाकर जिले का मान बढ़ाया है। चयनित खिलाड़ियों में जयवीर रावत (जिला क्रीड़ा अधिकारी), विमल लसपाल (युवा कल्याण विभाग) तथा भावेश जदली (पशु चिकित्सा विभाग) शामिल हैं। खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन, अनुशासन और फुटबॉल कौशल के दम पर टीम में जगह बनाई है।

अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज फुटबॉल (पुरुष वर्ग) प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन 08 से 15 दिसम्बर 2025 तक गोवा में होगा। प्रतियोगिता के लिए उत्तराखण्ड टीम का चयन पूर्ण कर लिया गया है, जिसमें कुल 22 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जबकि 4 खिलाड़ियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। चयनित खिलाड़ी किसी कारणवश प्रतिभाग न कर पाने की स्थिति में प्रतीक्षारत खिलाड़ियों को अवसर प्रदान किया जाएगा।
पौड़ी जनपद के तीन खिलाड़ियों के चयन से जिले में हर्ष का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों और विभागीय अधिकारियों ने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि पौड़ी जनपद में उभरते खेल वातावरण और खेल सुविधाओं के विकास का भी प्रतीक है।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
