पौड़ी

विश्व दिव्यांग दिवस पर दक्ष दिव्यांगजन हुए सम्मानित

जिला चिकित्सालय पौड़ी में समाज कल्याण विभाग द्वारा सम्मान कार्यक्रम आयोजित

पौड़ी। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिला चिकित्सालय पौड़ी में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी एवं अन्य अतिथियों ने दक्ष दिव्यांग कर्मचारियों एवं स्वरोजगारियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु चयनित दो दक्ष दिव्यांग कर्मचारी तथा तीन दक्ष दिव्यांग स्वरोजगारियों को 08-08 हजार रुपये, प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 10 दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरण वितरित किए गए तथा 09 दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए गए।

विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि दिव्यांगजन समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उनकी क्षमताओं को कम नहीं आँका जा सकता। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए चलाई जा रही योजनाएँ प्रशिक्षण, रोजगार, पुनर्वास और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बना रही हैं। उन्होंने विभागीय समन्वय के माध्यम से दिव्यांगजनहित कार्यक्रमों को और प्रभावी रूप से लागू किए जाने पर जोर दिया।

नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि विश्व दिव्यांग दिवस, दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकारों व गरिमा को सशक्त रूप से स्थापित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त कर रहे हैं, और शासन की सम्मान एवं प्रोत्साहन योजनाएँ उनके मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव/जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके अधिकारों की रक्षा एवं सहायता उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पेंशन, प्रमाणपत्र, दिव्यांग उपकरण, क्षतिपूर्ति, बैंक-बीमा, सरकारी योजनाओं तथा अन्य कानूनी सेवाओं से संबंधित सभी सहायता निःशुल्क प्रदान की जाती है। पात्र दिव्यांगजन निःशुल्क अधिवक्ता, विधिक परामर्श तथा आवश्यक दस्तावेजों की तैयारी में भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल कुमार सेमवाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी राहुल राणा, पंकज मैंदोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *