पौड़ी

राशन कार्ड ई-केवाईसी की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 15 दिसम्बर तक करा सकेंगे प्रक्रिया

जिला पूर्ति अधिकारी ने पात्र उपभोक्ताओं से समय पर ई-केवाईसी कराने की अपील की

पौड़ी गढ़वाल। शासन द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार जनपद के सभी राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 दिसम्बर 2025 कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से निर्धारित समय के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

समय सीमा बढ़ने से लाभार्थियों को राहत

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि नवंबर माह तक निर्धारित अवधि में बड़ी संख्या में कार्डधारक ई-केवाईसी नहीं करा सके थे। लाभार्थियों की सुविधा को देखते हुए शासन ने तिथि में विस्तार किया है, जिससे शेष पात्र उपभोक्ता समय से यह कार्य कर सकें।

निकटतम सस्ता गल्ला विक्रेता के पास कराएं ई-केवाईसी

उन्होंने बताया कि जिन कार्डधारकों ने अपने राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे शीघ्र ही संबंधित या नजदीकी सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता के यहां जाकर बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर लें।

समय पर प्रक्रिया नहीं करने पर कार्ड हो सकते हैं निष्क्रिय

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि तक ई-केवाईसी न कराने पर राशन कार्ड निष्क्रिय हो सकते हैं, जिसके कारण भविष्य में सस्ते गल्ले से खाद्यान्न प्राप्त करने में दिक्कत होगी। उन्होंने सभी पात्र उपभोक्ताओं से समय पर ई-केवाईसी कराकर योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से लेने की अपील की है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *