मानव–वन्यजीव संघर्ष रोकने हेतु वन विभाग का जागरूकता अभियान जारी
पौड़ी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भालू की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग द्वारा संचालित जागरूकता अभियान सकारात्मक परिणाम दे रहा है। ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से विभागीय टीमें लगातार क्षेत्रीय गश्त कर रही हैं और गांव–गांव जाकर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान कर रही हैं।

गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ अभिमन्यु सिंह ने बताया कि यदि ग्रामीण अपने घरों के आसपास की झाड़ियों को साफ रखें, जंगल या खेत जाने के दौरान समूह में चलें तथा बच्चों को अकेला न छोड़ें, तो भालू से सामना होने पर संभावित खतरा काफी कम किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी सलाह दी कि खाने का कचरा खुले में न फेंकें, जिससे वन्यजीवों का आकर्षण मानव बस्तियों की ओर न बढ़े।
डीएफओ ने बताया कि विभाग द्वारा मानव–वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए व्यापक प्रचार–प्रसार किया जा रहा है। इसके तहत पंपलेट वितरण, जागरूकता बैठकें, सोशल मीडिया संदेश, क्षेत्रीय भ्रमण और जन–संपर्क अभियानों के माध्यम से आवश्यक सावधानियाँ आम जनमानस तक पहुंचाई जा रही हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि यदि किसी क्षेत्र में भालू या अन्य वन्यजीवों की गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल टोल फ्री नंबर 1926 पर सूचना दें। सूचना प्राप्त होते ही विभागीय टीम मौके पर पहुँचकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करती है।
डीएफओ ने आमजन से अपील की कि विभाग का सहयोग करें, ताकि जिले में मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को प्रभावी रूप से कम किया जा सके।
