पौड़ी

चौबट्टाखाल में यूनिटी मार्च का समापन, सतपाल महाराज ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर किया संबोधन

चौबट्टाखाल। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने बुधवार को तहसील चौबट्टाखाल में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर “यूनिटी मार्च” के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। यह मार्च नौगांवखाल से प्रारंभ होकर चौबट्टाखाल में संपन्न हुआ।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद 562 रियासतों के ऐतिहासिक विलय के माध्यम से भारत की एकता और अखंडता को मजबूत नींव प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह यूनिटी मार्च देश की अखंडता एवं एकता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है तथा उनके आदर्शों और मूल्यों को स्मरण करने का प्रेरक अवसर है। उन्होंने बताया कि इस उपलक्ष्य में देशभर और उत्तराखंड में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के उपरांत कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकासखंड पोखड़ा के बगड़ीगाड़ निवासी रानी देवी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। रानी देवी की हाल ही में बाघ के हमले में मृत्यु हो गई थी। मंत्री ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

 

यूनिटी मार्च में पूर्व ब्लॉक प्रमुख नीरज पांथरी, राकेश नैथानी, महिपाल नेगी, सर्वेंद्र, शैलेश दर्शन, नरेंद्र डंडरियाल, वेदप्रकाश वर्मा, प्रभु शरण बुडाकोटी, गणेश रावत, देवेंद्र भट्ट, सुरेंद्र बिष्ट, सीमा सजवाण सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाळ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *