परमार्थ निकेतन में विश्व शौचालय व बाल दिवस का भव्य आयोजन, स्वच्छता–पोषण जागरूकता में बच्चों और सफाई मित्रों की उत्साही भागीदारी
ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन एवं ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस द्वारा यूनिसेफ इंडिया, हरिजन सेवक संघ और डिवाइन शक्ति फाउंडेशन के सहयोग से विश्व शौचालय दिवस एवं विश्व बाल दिवस का संयुक्त समारोह मंगलवार को परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यालयी बच्चों, शिक्षकों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सफाई मित्रों और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं ने सहभाग किया।

इस वर्ष समारोह का विषय “स्वच्छता और पोषण—हमारे स्वस्थ भविष्य की नींव” रखा गया, जिसके तहत स्वच्छता, पोषण, सम्मान और बाल-अधिकारों के परस्पर संबंधों पर विशेष रूप से जोर दिया गया। बच्चों के लिए जागरूकता रैली, रचनात्मक गतिविधियाँ, नाटिका प्रस्तुतियाँ, स्वच्छता एवं पोषण आधारित क्विज और सामूहिक स्वच्छता संकल्प जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चे पूरे दिन उत्साहपूर्वक सक्रिय दिखे।
मां गंगा के तट पर स्थापित “टॉयलेट वॉक” शैक्षणिक प्रदर्शनी कार्यक्रम का आकर्षण रही। प्रदर्शनी में बच्चों को विभिन्न शौचालय मॉडलों, स्वच्छता तकनीकों और पोषण के महत्व के बारे में सरल और रोचक तरीके से जानकारी दी गई।
सफाई मित्रों के लिए योग, ध्यान, मर्म चिकित्सा, दंत परीक्षण, स्त्रीरोग चिकित्सा, आयुर्वेदिक फुट मसाज और व्यक्तिगत स्वच्छता जागरूकता सत्र सहित एक विशेष वेलनेस कैंप आयोजित किया गया। इस दौरान सभी सफाई मित्रों को गरिमा किट भी वितरित की गईं।
संयुक्त सत्र में डिवाइन शक्ति फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं जीवा की अंतर्राष्ट्रीय महासचिव साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि स्वच्छता केवल शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि चेतना और करुणा का विस्तार है। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छता और पोषण का उपहार देकर हम उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र की प्रगति की नींव तैयार करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छ शौचालय के साथ पौष्टिक आहार उतना ही आवश्यक है, क्योंकि जंक फूड के कारण शरीर अस्वस्थ रहने की संभावना बढ़ जाती है।
जीवा की परियोजना निदेशक गंगा नंदिनी ने कहा कि यह आयोजन बच्चों में स्वच्छता एवं पोषण जागरूकता बढ़ाने और सफाई मित्रों के सम्मान को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम में हरिजन सेवक संघ, वर्ल्ड टॉयलेट कॉलेज और डिवाइन शक्ति फाउंडेशन की सक्रिय भागीदारी रही, जबकि यूनिसेफ इंडिया ने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और वाश कार्यक्रमों को मजबूती प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
अनुभव, सीख और प्रेरणा से भरे इस समारोह का समापन सामूहिक संकल्प, सम्मान समारोह और सामुदायिक भंडारे के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने झंडों और नारों के साथ स्वच्छता जागरूकता रैली भी निकाली।
कार्यक्रम में राकेश रोशन, उपासना पात्रा, स्वामी सेवाआनंद, रोहन, कृष्णप्रिया, योगाचार्य गायत्री गुप्ता, वंदना शर्मा, हेमचंद, करूणा, प्रधानाचार्या आशा गैरोला, कल्पना साहनी, अमित, कुसुम, शांति, रेखा, चेतना, शीतल सहित अनेक स्वयंसेवक, परमार्थ परिवार, गुरूकुल के ऋषिकुमार एवं आचार्यों का सहयोग सराहनीय रहा।
