पौड़ी

मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में नशा मुक्त भारत अभियान के 5 वर्ष पूरे, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

पौड़ी। नशा मुक्त भारत—खुशहाल भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में नशा मुक्त भारत अभियान के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाज कल्याण विभाग एवं मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र–छात्राओं, अधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नशा न करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लिखित संदेश भी पढ़ा गया, जिसमें नशा उन्मूलन को राष्ट्रीय अभियान की तरह आगे बढ़ाने और समाज को इस कुरीति से बचाने का आह्वान किया गया।

मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मनोरोग विभाग बेस अस्पताल, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन एवं आरकेएसके की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि नशा उन्मूलन अभियान देशभर में एक बड़ी सामाजिक जागरुकता मुहिम बन चुका है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज भी लगातार इससे जुड़ी जागरुकता गतिविधियों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ लगातार जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने कहा कि नशा उन्मूलन तभी संभव है जब समाज भी समान रूप से सहभागिता निभाए।

मनोरोग विभाग के एचओडी डॉ. मोहित सैनी ने नशे से होने वाले मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पार्थ दत्ता ने नशीले पदार्थों के शारीरिक नुकसान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। सामाजिक कार्यकर्ता लखपत भंडारी ने युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को नष्ट कर देता है। उन्होंने छात्र–छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरुक करें।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई गई और भारत को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया।

इस अवसर पर कोतवाल जयपाल नेगी, चौकी प्रभारी मुकेश गैरोला, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली, अरविंद कुमार, डॉ. सुनील, मनोमन सिंह, भवतोष सेमवाल, वीरेंद्र लाल, मंदीप रावत, अभिषेक पोखरियाल, जयदेव नौगाईं, अंकित मुंडेपी सहित एमबीबीएस एवं पैरामेडिकल छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *