कोटद्वार पेयजल लाइन समीक्षा: सड़क बहाली एक माह में पूरी करने के आदेश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को एनआईसी कक्ष में उत्तराखंड अर्बन सेक्टर विकास एजेंसी के अधिकारियों के साथ कोटद्वार नगर क्षेत्र में पेयजल लाइन से संबंधित समस्याओं की समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने पेयजल लाइन हेतु किए गए उत्खनन कार्यों की धीमी मरम्मत पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए हाइड्रो परीक्षण (जल-दाब परीक्षण) शीघ्र पूर्ण कर स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्खनन क्षेत्रों की मरम्मत तत्काल की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क कटिंग की अनुमति अब खंडवार (स्टे्रच-वाइज) जारी की जाएगी और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। उपजिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम को निर्देशित किया गया कि पाइपलाइन बिछाने के पश्चात जहाँ सड़क मरम्मत शेष है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूर्ववत किया जाए। साथ ही शेष सड़क बहाली कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर एक माह के भीतर क्रियान्वित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश भी दिए, जो पेयजल लाइन हेतु सड़क कटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना विधिवत अनुमति के अब किसी भी प्रकार की सड़क कटिंग नहीं की जाएगी। स्थायी मरम्मत वाले स्थानों पर पटवारी द्वारा स्थल निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को समयबद्धता, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कार्य निष्पादन करने के निर्देश देते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, सहायक नगर आयुक्त अजय इष्टवाल, अर्बन सेक्टर विकास एजेंसी के मैनेजर जतिन सिंह सैनी, सहायक अभियंता सुमित कुमार, अवधेश दीक्षित, वंदना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
