पौड़ी

राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, हरिद्वार ने जीता खिताब

पौड़ी। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के तत्वावधान में कंडोलिया खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य समापन हुआ। समापन दिवस पर हुए दो सेमीफाइनल मुकाबलों एवं जिला प्रशासन इलेवन बनाम प्रेस इलेवन के मैत्री मैच ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

फाइनल मुकाबले में हरिद्वार और चंपावत आमने-सामने हुए, जिसमें हरिद्वार ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 1–0 से जीत दर्ज की। अंतिम क्षणों तक रोमांचक रहे इस मुकाबले में हरिद्वार ने बढ़त को बनाए रखते हुए खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों व खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन द्वारा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की जारी पहल के परिणामस्वरूप इस बार बड़ी संख्या में टीमें व दर्शक प्रतियोगिता का हिस्सा बने। चार दिवसीय आयोजन ने स्थानीय खिलाड़ियों को उत्कृष्ट मंच प्रदान किया और जिले में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली।

समापन अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और खेल विभाग के बेहतर प्रबंधन की सराहना की।

फुटबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी मनीष मैठाणी ने जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की सक्रिय भूमिका से पौड़ी में खेलों के लिए अनुकूल माहौल बन रहा है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत ने बताया कि जिलाधिकारी की पहल पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सभी जनपदों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग देने वाले विभिन्न विभागों—स्वास्थ्य, जल संस्थान, शिक्षा, सूचना, समाज कल्याण, विद्युत विभाग आदि का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रतियोगिताओं को और भव्य रूप दिया जाएगा।

सेमीफाइनल मुकाबलों में पहले मैच में चंपावत ने बागेश्वर को 1–0 से हराया, जबकि दूसरे मैच में हरिद्वार ने देहरादून को ट्राई ब्रेकर में 5–3 से मात दी। जिला प्रशासन इलेवन ने प्रेस इलेवन के खिलाफ खेले गए मैत्री मैच में 2–0 से जीत हासिल की।

अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों एवं करियर पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल व्यक्तित्व निर्माण बल्कि बेहतर भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं।

प्रतियोगिता में इनायत हुसैन और प्रवीण नेगी द्वारा कमेंट्री की गई। समापन पर विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए गए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, जिला शिक्षा अधिकारी राजजीत सिंह नेगी, खेल समन्वयक योगंबर नेगी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *