पौड़ी

पौड़ी में पुस्तक वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित — जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया रहीं मुख्य अतिथि

पौड़ी। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत जनपद के 50 राजकीय इंटर कॉलेजों के पुस्तकालयों हेतु हिन्दी साहित्य की पुस्तकों के वितरण के अवसर पर अटल आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी में पुस्तक वितरण एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर रा.इ.का. पौड़ी नगर के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति से मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

कार्यक्रम में जनपद के प्रख्यात साहित्यकार नागेन्द्र सिंह कठैत, गणेश खुगशाल (गणी), वीरेन्द्र खंकरियाल एवं संदीप रावत को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल पुस्तक वितरण नहीं, बल्कि बच्चों में पठन संस्कृति को पुनर्जीवित करना है। उन्होंने कहा कि “शिक्षा वह साधन है जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जिम्मेदार और सशक्त बनाती है।”

उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे पुस्तकें केवल परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि जीवन को समझने के लिए पढ़ें।

जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल युग में तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग आवश्यक है ताकि बच्चे डिजिटल व्यसन से बचते हुए तकनीक को सीखने का साधन बना सकें। उन्होंने कहा कि साहित्यकार समाज के दर्पण होते हैं और उनका सम्मान हमारी संस्कृति और रचनात्मकता का सम्मान है।

उन्होंने सभी शिक्षकों और प्रधानाचार्यों से “24 घंटे में 20 मिनट” प्रतिदिन पढ़ने की मुहिम को अभियान के रूप में चलाने का आह्वान किया।

मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान का सबसे स्थायी स्रोत हैं और विद्यालयों के पुस्तकालय ज्ञान के मंदिर हैं।

पूर्व सांसद तीरथ सिंह रावत की अनुशंसा पर आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्यकारों ने जिलाधिकारी के प्रयासों की सराहना की। साहित्यकार वीरेंद्र खंकरियाल ने कहा कि पुस्तकें विचारों की जीवंत ऊर्जा हैं, जो समाज को दिशा देती हैं।

कार्यक्रम के दौरान कुल 50 विद्यालयों को पुस्तकें वितरित की गईं — जिनमें विकासखंड पाबौ के 11, पौड़ी के 2, कोट के 14, खिर्सू के 9, कल्जीखाल के 9 और एकेश्वर के 5 विद्यालय शामिल हैं।

इस अवसर पर पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, प्रभारी प्रधानाचार्य वेद प्रकाश डोभाल, कार्यक्रम संयोजक मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, साहित्यकार, बुद्धिजीवी और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *