पौड़ी

देवलेश्वर महादेव मंदिर बलोड़ी में बैकुंठ चतुर्दशी मेला, जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया रही मुख्य अतिथि

पौड़ी। तहसील पौड़ी के अंतर्गत गगवाड़स्यूँ घाटी के प्रसिद्ध सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर, बलोड़ी में बैकुंठ चतुर्दशी मेले के अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। उन्होंने देवलेश्वर महादेव के दर्शन कर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।

मेले में उपस्थित स्थानीय जनसमुदाय ने जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर उत्साह और हर्ष व्यक्त किया। पारंपरिक वेशभूषा में लोगों ने जिलाधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंदिर समिति की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि देवलेश्वर महादेव मंदिर इस घाटी के 34 से अधिक गाँवों की आस्था का केंद्र है, जो धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर लोकपरंपरा, लोककला और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

समिति की मांग पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मंदिर परिसर में शिल्प कार्य, इतिहास और स्थापत्य संरक्षण से जुड़े प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, मंदिर परिसर में सूचना-पट्ट (साइनेज) लगाए जाएंगे ताकि यह तीर्थस्थल घाटी से आगे बढ़कर पूरे जनपद और प्रदेश में अपनी पहचान बना सके।

उन्होंने कहा कि देवलेश्वर महादेव मंदिर हमारी लोक संस्कृति और आस्था का अभिन्न हिस्सा है। यहां के मेले, थौले और पारंपरिक आयोजन इस क्षेत्र की जीवंत सांस्कृतिक विरासत हैं। इन परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।

इस अवसर पर मंदिर की आरती एवं स्तुति पुस्तिका का विमोचन किया गया। जनसमुदाय के बीच प्रस्तुत “चक्रव्यूह” नाट्य मंचन मेले का मुख्य आकर्षण रहा।

इस अवसर पर तहसीलदार दीवान सिंह राणा, ग्राम प्रधान पूजा देवी, मंदिर समिति के अध्यक्ष केसर सिंह कठैत, सचिव जगत किशोर बड़थ्वाल, संचालक नागेंद्र जुगराण, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *