पौड़ी

राज्य स्थापना दिवस पर पर्यटन विभाग की साइकिलिंग रैली

साइकिलिंग से बढ़ता है स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरुकता का भाव: सीडीओ

पौड़ी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पर्यटन विभाग के तत्वाधान में रविवार को साइकिलिंग रैली का आयोजन किया गया। नगर में पर्वतीय उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। रैली में लगभग 20 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और “स्वच्छ पर्वतीय प्रदेश, स्वस्थ उत्तराखंड” का संदेश दिया।

रैली का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कंडोलिया पार्क से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली कंडोलिया पार्क से प्रारंभ होकर देवप्रयाग मार्ग होते हुए द्वारीधार तक पहुंची और पुनः कंडोलिया पार्क में संपन्न हुई। रास्ते भर प्रतिभागियों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण और शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि साइकिलिंग जैसी गतिविधियाँ न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का प्रतीक भी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और शुद्ध वातावरण के लिए जाना जाता है, जिसे संजोने के लिए जनसहभागिता आवश्यक है। साइकिलिंग युवाओं को फिट रहने के साथ-साथ प्रकृति से जुड़ने की प्रेरणा देती है।

जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यटन विभाग द्वारा जनपद में कई जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पौड़ी जैसे रमणीय क्षेत्र साइकिलिंग, ट्रेकिंग और साहसिक पर्यटन के लिए अत्यंत उपयुक्त हैं, और स्थानीय युवाओं की भागीदारी से यह क्षेत्र साहसिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

इस अवसर पर पर्यटन विभाग का समस्त स्टाफ एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *