पौड़ी

पशुपालन विभाग चलाएगा खुरपका-मुंहपका से बचाव हेतु वृहद टीकाकरण अभियान

पौड़ी। पशुपालन विभाग प्रदेशभर के सभी विकासखंडों में खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए विशेष वृहद टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रहा है। यह अभियान 4 अक्टूबर से 17 नवंबर 2025 तक संचालित होगा।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत विभाग की ओर से गठित 66 दल गांव-गांव जाकर पालतू पशुओं का टीकाकरण करेंगे। प्रत्येक दल में 3 से 4 सदस्य शामिल किए गए हैं, जो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर टीकाकरण कार्य करेंगे।

डॉ. शर्मा ने कहा कि खुरपका-मुंहपका रोग संक्रामक होने के कारण तेजी से फैलता है और पशुओं की उत्पादन क्षमता को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि इस रोग से बचाव हेतु टीकाकरण न केवल पशुओं की सेहत की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि प्रदेश को खुरपका-मुंहपका मुक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने गोवंशीय, महिषवंशीय, भेड़ और बकरियों को अवश्य टीका लगवाएं। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें तो निकट भविष्य में उत्तराखंड को खुरपका-मुंहपका रोग मुक्त राज्य घोषित किया जा सकता है।

पशुपालन विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि टीकाकरण पूरी तरह निःशुल्क होगा और टीमों द्वारा पशुपालकों को टीकाकरण संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *