पौड़ी। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर पौड़ी में विशेष विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर तथा वृहद स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्म सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आयोजित शिविर में सिविल न्यायाधीश वरिष्ठ प्रभाग/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाज़िश कलीम ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग, नशे की लत के दुष्प्रभाव तथा नालसा योजना 2015 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान एंटी ड्रग वीडियो, “तुम गिरना मत” तथा नशा जागरूकता और स्वास्थ्य नेविगेशन : नशामुक्त भारत लघु चलचित्र प्रदर्शित कर आमजन को नशा उन्मूलन हेतु जागरूक किया गया।
गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर जिला न्यायाधीश धर्म सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण किया गया और उनके जीवन आदर्शों को स्मरण किया गया। तत्पश्चात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
न्यायालय परिसर से कंडोलिया मार्ग तक जनजागरूकता रैली भी निकाली गई और वृहद सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका एवं वन विभाग का सहयोग रहा।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शहज़ाद ए. वाहिद सिंह, सिविल न्यायाधीश मजिस्ट्रेट प्रतीक मथेला, सिविल न्यायाधीश कनिष्ठ प्रभाग प्रतीक्षा केसरवानी, मुख्य अधिवक्ता विधिक सहायता परिषद कमल प्रसाद बमराड़ा, सहायक अधिवक्ता विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
