पौड़ी

गांधी और शास्त्री जयंती पर विकास भवन में विचार गोष्ठी का आयोजन

पौड़ी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विकास भवन सभागार में गुरुवार को विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा दोनों महान विभूतियों के जीवन और मूल्यों से प्रेरणा ग्रहण की।

गोष्ठी के दौरान अधिकारियों ने गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन से जुड़े संस्मरण साझा किए और उनके संघर्षों, आदर्शों और सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिकारियों ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध अहिंसा और सत्य के मार्ग पर चलकर जीत हासिल की जा सकती है। उनका जीवन त्याग, सादगी और करुणा का अनुपम उदाहरण है, जिसे आज की पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक के रूप में अपनाया जाना चाहिए।

प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता संग्राम के समय थे। उन्होंने कहा कि आज समाज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में गांधी जी का स्वदेशी, सत्यनिष्ठा, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, सादगी और अहिंसा का मार्ग समाज को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद लाल बहादुर शास्त्री जी ने देश को अनुशासन और आत्मनिर्भरता की राह दिखाई। उनका दिया हुआ जय जवान, जय किसान का नारा आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।

पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने कहा कि शास्त्री जी ने अपने आचरण से यह सिद्ध किया कि कर्मठता और निष्ठा से समाज और देश की दिशा बदली जा सकती है। गांधी जी का जीवन भी यह संदेश देता है कि स्वच्छता, सत्य और करुणा के मार्ग पर चलकर हम समाज और अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक घटनाएँ भी साझा कीं। समापन के अवसर पर यह आह्वान किया गया कि सभी अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक अपने-अपने स्तर पर उनके विचारों को आत्मसात करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *