गांधी और शास्त्री जयंती पर जिलेभर में कार्यक्रम, आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प
पौड़ी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को जनपद भर में श्रद्धा और उत्साह के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं में दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया गया।

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर गांधी जी का प्रिय भजन रामधुन भी गाया गया।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि सत्य और अहिंसा ही सबसे बड़ी शक्ति है। उनका स्वच्छता का मंत्र आज भी उतना ही प्रासंगिक है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपने सरल जीवन और दृढ़ संकल्प से यह साबित किया कि सादगी और ईमानदारी से भी बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। उनका दिया नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी प्रेरणादायी है।
अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने कहा कि गांधी जी का दर्शन हमें सिखाता है कि बिना हिंसा के भी बड़ी से बड़ी लड़ाई जीती जा सकती है। शास्त्री जी की सादगी और परिश्रम आज के समय में विशेष रूप से अनुकरणीय है।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सफाई अभियान चलाया गया तथा एकत्रित कूड़े का निस्तारण नगर पालिका के माध्यम से किया गया। वहीं, कंडोलिया मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर प्रभारी जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने माल्यार्पण किया। विकास भवन में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने ध्वजारोहण किया।
जनपद की विभिन्न तहसीलों और विकासखंडों में भी कार्यक्रमों के साथ स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए, जिनमें अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, डीपीओ देवेंद्र थपलियाल, प्राचार्य भातखंडे संगीत महाविद्यालय अनिरुद्ध बिष्ट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र टम्टा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कुसुम तड़ियाल, नाजिर मनोज रावत सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
