द्वारीखाल : श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन संपन्न
द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल के ग्राम पुल्यासू में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के माहौल के बीच श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में प्रस्तावित श्रीराम मंदिर निर्माण हेतु आज भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

भूमि पूजन का अनुष्ठान आचार्य महेश बलूनी ने वैदिक मंत्रोच्चारण और पूर्ण धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। इस अवसर पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की और प्रभु श्रीराम के मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक क्षण बताया।
पूजन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों में सते सिंह नेगी, सोहन सिंह नेगी, दीपक सिंह नेगी, सुधीर नेगी, वीरेंद्र सिंह रावत सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने मंदिर निर्माण कार्य में सहयोग का संकल्प लिया।ग्रामीणों ने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। मंदिर परिसर में नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन होने से युवाओं और भावी पीढ़ियों में भी सनातन परंपरा के प्रति आस्था और विश्वास मजबूत होगा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष किए और माहौल भक्तिमय बना रहा। मंदिर निर्माण को लेकर ग्रामीणों में अपार उत्साह देखा गया।
