पौड़ी

गांधी एवं शास्त्री जयंती 2 अक्टूबर को हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी, तैयारियों के निर्देश

पौड़ी। आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी संबंधित अधिकारियों को तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि 2 अक्टूबर को प्रातः 8:00 बजे सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके उपरांत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर रामधुन एवं गांधी भजनों का गायन होगा। तत्पश्चात गांधी जी के जीवन संघर्ष, देश सेवा, अंत्योदय की अवधारणा, राष्ट्रीय एकता व अखंडता जैसे विषयों पर संक्षिप्त परिचर्चा की जाएगी।

सुबह 8:30 बजे शिक्षा विभाग द्वारा सभी विद्यालयों व कॉलेजों में गांधीवादी जीवन दृष्टि पर आधारित वाद-विवाद और गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नशा मुक्ति विषयक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सुबह 9:00 बजे नगर पालिका द्वारा कंडोलिया पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा तथा आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

इसके अलावा प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक विकास भवन, पौड़ी में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें गांधी जी के नेतृत्व में चले स्वाधीनता आंदोलन, उत्तराखंड में उसका प्रभाव, रचनात्मक कार्यक्रम, व्यक्तिगत सत्याग्रह, वंचित वर्गों के उत्थान, महिला सशक्तिकरण, बाल सुरक्षा, प्रौढ़ शिक्षा, सामाजिक विषमता उन्मूलन, नैतिकता, भाईचारा और सर्वधर्म समभाव जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही उपस्थित जनसमूह को गांधी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प भी दिलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अपील की है कि गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित स्वच्छता अभियान और विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नागरिक सक्रिय सहभागिता करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *