पौड़ी

जिलाधिकारी से मिलीं स्कूली बालिकाएँ, प्रशासनिक कार्यप्रणाली से हुईं रूबरू

पौड़ी। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिला मुख्यालय की स्कूली बालिकाओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया से मुलाकात की। इस दौरान बालिकाओं ने जिला कार्यालय में होने वाले कार्यों की जानकारी ली और जिलाधिकारी से आत्मीय बातचीत की।

जिलाधिकारी ने बच्चों से उनके भविष्य और करियर की योजनाओं के बारे में पूछा तथा उन्हें सही मार्ग चुनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, ईमानदारी और लगन से पढ़ाई करने से जीवन में सफलता सुनिश्चित होती है।

ज्ञात हो कि जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को बालिकाओं को शैक्षिक भ्रमण कराने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में बालिकाओं को जिला कार्यालय लाया गया। यहां उन्हें नजारत, भूलेख, पेंशन, यूसीसी सहित विभिन्न पटलों का भ्रमण कराया गया और कार्यालयी कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बालिकाओं के 40-40 छात्रों के समूह बनाकर उन्हें जनपद स्तरीय कार्यालयों और थानों का भी भ्रमण कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को सरकारी कार्य प्रणाली और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की बेहतर जानकारी मिलेगी। साथ ही आसपास के विकासखंडों और तहसीलों के बच्चों को भी ऐसी गतिविधियों में शामिल किया जाए।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी आशा रावत, सुपरवाइजर सुषमा रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *