कोटद्वार क्षेत्र में सड़कों का निरीक्षण, निर्धारित समय सीमा में पैचवर्क पूरा करने के निर्देश
कोटद्वार। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर उपजिलाधिकारी कोटद्वार सोहन सिंह सैनी ने कोटद्वार अंतर्गत विभिन्न सड़कों की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों को गड्ढा मुक्त और पैचलैस बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्य बिंदुवार प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

एसडीएम सैनी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-534 के कि.मी. 25 से कि.मी. 28 तक पैचवर्क कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि कि.मी. 23 से कि.मी. 25 के मध्य कार्य प्रगति पर है, जिसे 1 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कि.मी. 27 पर पैचवर्क असंतोषजनक पाया गया, जिसके लिए मलबा डालकर पुनः कार्य करने को कहा गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि एनएच-534 के कि.मी. 34 से कि.मी. 44 (आमसौड़ से फतेहपुर) तक पैच मरम्मत का कार्य 1 अक्टूबर से शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग, दुगड्डा द्वारा कौड़िया–मोटाढाक मोटर मार्ग (कि.मी. 01 से 05) और चिल्लरखाल–सिगड्डी–कोटद्वार–पाखरो मोटर मार्ग (कि.मी. 13 से 16) का पैचवर्क कार्य पूरा कर लिया गया है। निरीक्षण में शिवम ट्रेडर्स के सामने टाइल्स उबड़-खाबड़ मिलीं, जिन्हें 30 सितम्बर तक सुधारने के निर्देश दिए गए।

चिल्लरखाल–सिगड्डी–कोटद्वार–पाखरो मोटर मार्ग के कि.मी. 32 से 37 तक पैचवर्क कार्य 15 अक्टूबर तक तथा कि.मी. 89 से 98 तक कुल 4 किलोमीटर में पैच मरम्मत कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने पाया कि कुछ मार्गों पर कार्य की गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने अभियंताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
