पौड़ी

जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में पाबौ ब्लॉक के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, सोनाक्षी और आयुषी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

कोटद्वार। स्पोर्ट्स स्टेडियम कोटद्वार में 26 से 28 सितम्बर तक आयोजित प्रारंभिक शिक्षा की जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में पाबौ विकासखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

राजकीय जूनियर हाईस्कूल गिन्ठाली की छात्रा सोनाक्षी ने गोला फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि चक्का फेंक में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय की छात्रा आयुषी ने 100 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं का चयन आगामी 13 अक्टूबर से देहरादून में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। विद्यालय परिवार ने उनका सम्मान कर उत्साहवर्धन किया।

जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में गिन्ठाली विद्यालय से छह छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था, जिनमें सोनाक्षी और आयुषी का प्रदर्शन सबसे उल्लेखनीय रहा।

पाबौ ब्लॉक के अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक वर्ग में पालीगांव के पीयूष ने 50 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान, भागवत मोंटेसरी की गुंजन ने 100 मीटर में प्रथम और 200 मीटर में द्वितीय स्थान, जबकि नौठा की आयशा ने 400 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर वर्ग में एबीएम चपलोडी विद्यालय के अनमोल ने 100 और 200 मीटर में द्वितीय तथा 600 मीटर में तृतीय स्थान हासिल किया। जूनियर हाई स्कूल कलुण के मयंक नेगी ने लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

कुल मिलाकर पाबौ ब्लॉक के खिलाड़ियों ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में दो स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक अपने नाम किए।

खंड शिक्षा अधिकारी अमित चौहान ने समस्त खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि शिक्षकों के प्रयासों से लगातार खिलाड़ियों की प्रतिभा निखर रही है। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रहलाद सिंह रावत, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्षा पूजा देवी, प्रधानाध्यापक सते सिंह भंडारी, शिक्षक चंद्र किशोर राणा, क्षमा शर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य गजेंद्र सिंह और जिला सहायक खेल समन्वयक प्रदीप रावत उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *