पौड़ी

जिलाधिकारी ने किया कूड़ा कलेक्शन सेंटरों का औचक निरीक्षण, स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को पौड़ी शहर के विभिन्न कूड़ा कलेक्शन सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि शहर के सभी घरों का डेटाबेस तैयार किया जाए और जिन घरों में अभी डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण नहीं हो रहा है, उन्हें एक माह के भीतर इस प्रक्रिया से जोड़ा जाए। साथ ही उन्होंने पर्यावरण मित्रों को मास्क और ग्लव्स उपलब्ध कराने तथा उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण की शुरुआत कंडोलिया चौराहे से की और इसके बाद अपर चोपड़ा, लक्ष्मीनारायण मंदिर, बस स्टेशन, श्रीनगर रोड सीएसडी कैंटीन के पास कूड़ा संग्रहण केंद्र, डंपिंग जोन व धारा रोड समेत अन्य स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहाँ कूड़ा बिखरा है, वहाँ लोगों को जागरूक करें और कूड़ेदान के बावजूद सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर चालानी कार्रवाई करें। सभी कलेक्शन सेंटरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यावरण मित्र दीपा देवी से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि हर छह माह में पर्यावरण मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। डंपिंग जोन पर कचरा छांटने वाले लोगों को मास्क, गमबूट और ग्लव्स उपलब्ध कराने तथा उनकी पुलिस सत्यापन कर पहचान पत्र जारी करने के आदेश भी दिए।

नालियों की सफाई न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों से फीडबैक लिया और कहा कि प्रतिदिन का कचरा केवल नगर पालिका के वाहनों में ही डाला जाए। अपर चोपड़ा क्षेत्र में नालियों की मरम्मत कार्य में लापरवाही पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

डंपिंग जोन में लिगेसी वेस्ट की स्थिति पर भी जिलाधिकारी ने जानकारी ली और इसे हटाने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। स्थानीय नागरिक ठाकुर सिंह रावत ने बदबू की शिकायत की जिस पर जिलाधिकारी ने प्रतिदिन ब्लीचिंग छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि सड़कों पर बिखरे ठोस अपशिष्ट, रेत-बजरी व ईंट पाए जाने पर संबंधित स्वामी पर चालान किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य पौड़ी शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए स्वास्थ्यप्रद वातावरण उपलब्ध कराना है।”

निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, प्रभारी अधिशासी अधिकारी गायत्री बिष्ट, जिला विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता रणवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *