पौड़ी

मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एनकॉर्ड समिति की बैठक सम्पन्न, नशामुक्ति पर जोर

पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन कार्यालय में एनकॉर्ड की जिला स्तरीय समिति की मासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) की स्थापना हेतु सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ई-सिगरेट और वेपिंग पर रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा गया।

सीडीओ ने जिले में ई-सिगरेट और वेपिंग के संभावित उपयोग को देखते हुए तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की टीम को पुलिस और औषधि निरीक्षक के साथ मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज श्रीनगर की मनोरोग इकाई को समिति में शामिल करने और एम्स दिल्ली से समन्वय स्थापित कर एटीएफ की स्थापना को गति देने पर भी जोर दिया।

बैठक में कोटद्वार के लकड़ीपड़ाव क्षेत्र में नशाखोरों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग और बाल कल्याण समिति को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने अफीम व भांग की अवैध खेती, कृत्रिम मादक पदार्थों की तस्करी एवं सेवन पर रोक लगाने और नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार को पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर काम करने को कहा।

पुलिस विभाग की प्रगति रिपोर्ट

बैठक में पुलिस विभाग ने बताया कि इस माह औषधि निरीक्षक ने कोटद्वार और श्रीनगर में 33 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया, जिनमें से 10 दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए। अनियमितताओं के कारण ऑल इन वन फार्मा (झंडा चौक) और के.के. शर्मा हेल्थ केयर फार्मेसी (विकासनगर, कोटद्वार) की क्रय-विक्रय गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।

कोटपा अधिनियम के तहत इस माह 35 चालान किए गए, जिनसे ₹3600 संयोजन शुल्क वसूला गया। वर्ष 2025 में 27 सितंबर तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 39 अभियोग दर्ज किए गए, जिनमें 57 अभियुक्त गिरफ्तार हुए। इनके पास से 6.315 ग्राम चरस, 223.72 ग्राम स्मैक और 225.777 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

बैठक में एएसपी अनूप काला, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *