पौड़ी

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा: चौबट्टाखाल महाविद्यालय में बहुद्देश्यीय शिविर, सतपाल महाराज रहे मुख्य अतिथि

चौबट्टाखाल/पोखड़ा। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत रविवार को राजकीय महाविद्यालय चौबट्टाखाल में बहुद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सतपाल महाराज मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

शिविर में प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण कराया गया। इसके बाद सतपाल महाराज ने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें और यदि व्यस्तता के कारण कॉल रिसीव न कर पाएं तो संबंधित को बैक कॉल अवश्य करें।

महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। मेक इन इंडिया से रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ी है, वहीं रक्षा उत्पादों के निर्यात में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। उन्होंने जीएसटी सुधारों और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ सीधे जनता तक पहुँच रहे हैं। जनता इन शिविरों में सक्रिय भागीदारी कर अधिकतम लाभ उठाए।

शिविर में क्षेत्रीय जनता द्वारा पेयजल, विद्युत, सड़क और वन्यजीवों से फसल व जीवन क्षति संबंधी 30 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष को एक पखवाड़े के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य परीक्षण हेतु 205 व्यक्तियों ने पंजीकरण कराया। इस दौरान—

17 दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी

35 टीबी एक्सरे

119 नेत्र परीक्षण

34 अन्य स्वास्थ्य परीक्षण

आयुर्वेदिक चिकित्सालय द्वारा 40 मरीजों की जांच व नि:शुल्क दवा वितरण किया गया।

सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा 9 यूडीआईडी आवेदन लिगए और 15 व्यक्तियों को पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई।

कृषि विभाग ने पोखड़ा के जय भैरव देवता स्वायत्त सहकारिता ग्राम भंगलवाण और एकेश्वर के जणदा देवी स्वायत्त सहकारिता ग्राम गजेरा को कृषि यंत्रीकरण मद से फार्म मशीनरी बैंक हेतु 4-4 लाख रुपये के अनुदान प्रमाण पत्र वितरित किए।

इसके अलावा पूर्ति विभाग, बाल विकास, उरेडा, पशुपालन, उद्यान, आजीविका सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनता को योजनाओं की जानकारी दी।

शिविर में संयुक्त मजिस्ट्रेट/प्रभारी उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल दीक्षिता जोशी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. यादव, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित डुबरिया, सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *