विश्व पर्यटन दिवस पर पौड़ी में तीन दिवसीय महोत्सव सम्पन्न, हॉट एयर बैलून रहा मुख्य आकर्षण
पौड़ी। विश्व पर्यटन दिवस (27 सितम्बर) के उपलक्ष्य में पौड़ी के कंडोलिया मैदान में आयोजित तीन दिवसीय (26-28 सितम्बर) पर्यटन महोत्सव का रविवार को सफल समापन हुआ। महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने किया था।

तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों, युवाओं और स्कूली छात्र-छात्राओं को साहसिक खेलों और प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराने के साथ-साथ पौड़ी पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
कार्यक्रम में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा हॉट एयर बैलून उड़ान। स्कूली छात्र-छात्राओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों ने बैलून से पौड़ी की मनोरम घाटियों का आकाशीय नज़ारा लिया।
विशेष रूप से तीनों दिनों तक प्रतिभागियों के लिए परिचयात्मक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। देवभूमि एयरोस्पोर्ट्स एंड एविएशन प्रा.लि. के सीईओ व विशेषज्ञ कैप्टन विनायक गिरी ने हॉट एयर बैलून की संरचना, सुरक्षा उपायों और उड़ान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि तीन दिवसीय पर्यटन महोत्सव सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसमें हॉट एयर बैलून कैंप मुख्य आकर्षण रहा। उन्होंने कहा कि इस तरह की साहसिक गतिविधियाँ पौड़ी की पर्यटन पहचान को मजबूत करेंगी और युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर भी खोलेंगी।
