डॉ. भगत राम बिजल्वाण ‘भगत’ को मिलेगा प्रथम राष्ट्र विभूति सम्मान-2025
ऋषिकेश/रुड़की। शिक्षा कला संस्कृति एवं पर्यावरण उत्थान ट्रस्ट और फोनिक्स यूनिवर्सिटी रुड़की, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रथम राष्ट्र विभूति सम्मान-2025 का आयोजन आगामी 2 नवंबर 2025 को रुड़की शहर में किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर से विभिन्न सामाजिक और साहित्यिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विद्वानों को सम्मानित किया जाएगा।

इसी क्रम में ढ़ालवाला मुनिकीरेती (टिहरी गढ़वाल) के प्रख्यात साहित्यकार एवं शिक्षक डॉ. भगत राम बिजल्वाण ‘भगत’ को भी राष्ट्र विभूति सम्मान-2025 से अलंकृत किया जाएगा।
डॉ. बिजल्वाण विगत कई वर्षों से हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और समाजोपयोगी विषयों पर लेखन के माध्यम से जन-जागरूकता का कार्य कर रहे हैं। उनकी कविताओं और रचनाओं का केंद्र बिंदु पलायन, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, तंबाकू निषेध, स्वच्छता अभियान आदि रहे हैं। सोशल मीडिया और विभिन्न साहित्यिक मंचों के जरिए वे निरंतर जनचेतना फैलाते रहे हैं।
हाल ही में फरवरी 2025 में उनकी पुस्तक भावनाओं के पुष्प प्रकाशित हुई, जबकि गढ़वाली भाषा में लिखित उनकी नई कृति पहाड़ की पीड़ा प्रकाशन हेतु प्रस्तावित है। वे अब तक आवाज साहित्य संस्था मुनिकीरेती, गढ़ भूमि संस्कृति संरक्षण समिति, बुलंदी साहित्यिक संस्था रुद्रपुर, आकाशवाणी देहरादून, रेडियो ऋषिकेश समेत अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी साहित्यिक उपस्थिति दर्ज करवा चुके हैं। उन्हें कई सम्मानों और पुरस्कारों से भी नवाजा गया है। नई टिहरी में आयोजित किताब कौथीग-2024 में भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।
वर्तमान में डॉ. बिजल्वाण राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजीव ग्राम (टिहरी गढ़वाल) में हिंदी अध्यापक के रूप में सेवा दे रहे हैं। अब 2 नवंबर को रुड़की में आयोजित समारोह में उन्हें हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और सामाजिक विषयों पर लेखन के लिए राष्ट्र विभूति सम्मान-2025 प्रदान किया जाएगा।
