पौड़ी

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत विकास भवन में चला सफाई अभियान

पौड़ी। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार को विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की उपस्थिति में वृहद् सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर के अंडरग्राउंड नाले सहित समूचे क्षेत्र की सफाई कर ठोस, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग संकलित कर नगर पालिका के वाहन के माध्यम से कूड़ा निस्तारण केंद्र भेजा।

मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम भर नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न अंग है। जिस प्रकार हम अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी प्रकार कार्यालयों व सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण स्वास्थ्य के साथ-साथ कार्यक्षमता और सामाजिक छवि को भी मजबूत बनाता है।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस पखवाड़े में विकासखण्ड स्तर पर भी व्यापक सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान का उद्देश्य केवल कूड़ा उठाना नहीं, बल्कि स्वच्छता को आदत और व्यवहार में शामिल करना है। यदि हर अधिकारी और कर्मचारी इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएगा तो निश्चित रूप से समाज में भी सकारात्मक संदेश जाएगा और स्वच्छता जन-आंदोलन का रूप लेगी।

अभियान में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, परियोजना प्रबंधक स्वजल दीपक रावत, सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी ललित गोदियाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *