रेडक्रॉस सोसाइटी के आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण में छात्रों ने किया मॉक ड्रिल
पौड़ी। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा पौड़ी गढ़वाल के तत्वावधान में डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी में चल रहे आपदा प्रबंधन एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण कार्यशाला के तीसरे दिन छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन विभाग के प्रशिक्षकों द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन का मॉक ड्रिल कराया गया।

इस अवसर पर आपदा प्रबंधन विभाग पौड़ी के प्रशिक्षक किशन सिंह पंवार एवं विनोद सिंह नेगी ने विद्यार्थियों को आपदा पूर्व, आपदा के दौरान और आपदा के पश्चात किए जाने वाले आवश्यक उपायों की विस्तृत जानकारी दी। छात्रों ने उत्साहपूर्वक मॉक ड्रिल में भाग लेकर सीखे गए कौशलों का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज परसुंडाखाल एवं वरिष्ठ पत्रकार बिमल नेगी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी समाजहित में लगातार सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को व्यवहारिक जीवन में उतारें और समाज में भी इसका प्रसार करें।
इसी क्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए आपदा प्रभावित परिवारों को रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा राहत सामग्री के रूप में कंबल, किचन सेट एवं तिरपाल वितरित किए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव केसर सिंह असवाल, आजीवन सदस्य जसपाल सिंह रावत, दीपक खनसूली, विद्यालय की प्रधानाचार्या रेनू नेगी एवं भूतपूर्व प्रधान ग्रामसभा ननकोट रविन्द्र सिंह रावत सहित अनेक गणमान्य लोग व छात्र उपस्थित रहे।
