पौड़ी

मुख्यमंत्री धामी ने धारी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की समृद्धि की कामना

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का जायज़ा लेने के बाद पौड़ी जनपद स्थित धारी देवी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां धारी देवी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद स्थानीय लोगों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है तथा राहत और बचाव कार्यों को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है।

धारी देवी मंदिर में दर्शन के बाद स्थानीय जनता और समिति पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया और अलकनंदा नदी के दोनों तटों पर भू-कटाव रोकने के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने तीर्थयात्रियों से भी मुलाकात की। इंदौर से आए श्रद्धालु संतोष पाठक ने चार धाम यात्रा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि आपदा के बावजूद राज्य सरकार ने यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा है। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री धामी को “हिन्दू हृदय सम्राट” की संज्ञा देते हुए उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी लोकेश्वर सिंह, अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *