महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु घट्टूगाड़ में स्वयं सहायता समूह आउटलेट का शुभारंभ
पौड़ी/यमकेश्वर। विकासखण्ड यमकेश्वर के ग्राम पंचायत मराल, घट्टूगाड़ में शनिवार को स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित आउटलेट का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवन्त ने किया।

इस अवसर पर दुर्गा भवानी स्वयं सहायता समूह, जय मां भुवनेश्वरी स्वयं सहायता समूह तथा विकास स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने विभिन्न आजीविका गतिविधियों का प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए हैं।
समूह की महिलाएं फिनाइल, हैंडवॉश, टॉयलेट क्लीनर, ग्लास क्लीनर, फ्लोर फ्रेशनर, हर्बल एवं ब्यूटी सोप (नीम, एलोवेरा, हल्दी), ग्लिसरीन आदि उत्पाद तैयार कर रही हैं, जिन्हें ग्रामीण एवं शहरी बाजारों में उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक समूह की महिलाओं ने लगभग ₹50,000 की बिक्री की है।
वर्तमान में समूह की सक्रिय सदस्याएं रोशनी देवी, रजनी देवी, सीता देवी और रेखा देवी लगातार उत्पादन एवं विपणन कार्य में जुटी हुई हैं। उनका कहना है कि इस पहल से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी मिला है।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवन्त ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। संगठित होकर स्वरोजगार अपनाने से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे परिवार व समाज की आर्थिक रीढ़ बनती हैं। उन्होंने कहा कि ये उत्पाद स्थानीय स्तर पर निर्मित, किफायती और गुणवत्तापूर्ण हैं। जिला प्रशासन इन समूहों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा, ताकि इनके उत्पाद व्यापक स्तर पर बाजार में उपलब्ध हो सकें और अधिक महिलाएं इससे लाभान्वित हों।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगे।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
