स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत जशोधरपुर, कोटद्वार में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित
कोटद्वार। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को जशोधरपुर, कोटद्वार में समाज कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन पौड़ी द्वारा विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य बोक्सा जनजाति की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।

शिविर में कई विभागों द्वारा लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग ने 2 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और 2 को कान की मशीनें वितरित कीं। बाल विकास विभाग द्वारा 5 महिलाओं की गोद भराई की गई, 5 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और 3 बालिकाओं का अन्नप्राशन कराया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने 4 लोगों को मानसिक दिव्यांग प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके अलावा शिविर में 10 आधार कार्ड बनाए गए और राजस्व विभाग ने 5 आय प्रमाण पत्र जारी किए।
इसके अतिरिक्त कृषि, उद्यान, उद्योग, नगर निगम, तहसील, जल संस्थान एवं विद्युत विभाग समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी ने शिविर में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि बोक्सा जनजाति की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नगर निगम को प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त का भुगतान शीघ्र जारी करने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष, भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर नौटियाल, मंडी परिषद कोटद्वार अध्यक्ष सुमन कोटनाला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
