श्रीनगर

श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों को लेकर बैठक

श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत श्रीनगर के विकास को दर्शाती डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन से हुई। इसके बाद मेले के प्रमुख एजेंडों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मेयर नगर निगम आरती भंडारी ने बताया कि मेले में धारी–कमलेश्वर कलश यात्रा, उद्घाटन समारोह, खेल प्रतियोगिताएं, रंगोली, पोस्टर और निबंध प्रतियोगिता जैसे अकादमिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आवास विकास मैदान स्थित मुख्य मेला स्थल पर सांस्कृतिक, मनोरंजक और विविध कार्यक्रम होंगे।

जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत, पेयजल, शौचालय, सड़क, यातायात, पार्किंग, अग्निशमन, सुरक्षा, सीसीटीवी और प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी आयुवर्ग के लिए कार्यक्रम रखे जाएं और मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से साहसिक खेल, फूड फेस्टिवल, मैजिक शो, बच्चों के मनोरंजन स्थल और व्यापारियों के स्टॉल को मेले की प्रमुख विशेषता बताते हुए स्थानीय लोक कलाकारों और संस्कृति को प्राथमिकता देने पर बल दिया। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में सिटी बस संचालन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

डीएम भदौरिया ने कहा कि “बैकुंठ चतुर्दशी मेला हमारी परंपरा की जीवंत धरोहर है। इसे आधुनिकता के साथ जोड़कर नए स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि यह मेला सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए पर्यटन, व्यापार और मनोरंजन का केंद्र बन सके।”

बैठक में नगर निगम पार्षदों, व्यापारियों और आम जनता ने अपने सुझाव साझा किए। विशेष रूप से पार्किंग व्यवस्था और आवारा गोवंश की समस्या पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद जिलाधिकारी ने वेस्ट टू वंडर पार्क और प्रस्तावित मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम की तैयारियों की सराहना करते हुए पार्किंग, पेयजल, विद्युत, शौचालय और पुलिस कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को “स्वच्छता प्रहरी सम्मान” से भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, एसडीओ फॉरेस्ट आयशा बिष्ट, डीआईजी एसएसबी सुभाष नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद बर्तवाल, थानाध्यक्ष श्रीनगर जयपाल सिंह नेगी, तहसीलदार दीपक भंडारी, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, अवर अभियंता विद्युत यतेंद्र, सहायक अभियंता जल संस्थान कृष्ण कांत, सभी पार्षद, रोटरी क्लब के सदस्य और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *