जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी में प्राविधिक स्वयंसेवकों व अधिकार मित्रों का प्रशिक्षण सम्पन्न
पौड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में बुधवार को एक दिवसीय भौतिक एवं वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम ने किया।

उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण नवनियुक्त प्राविधिक स्वयंसेवक, अधिकार मित्र तथा वन विलेज वन प्रो बोनो अभियान के तहत चयनित प्रो-बोनो प्राविधिक स्वयंसेवक और अधिकार मित्रों के लिए आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को भारतीय संविधान, नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, राज्य के नीति निर्देशक तत्वों, विधिक सेवा संस्थाओं द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सेवाओं और सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें विधिक सेवा अधिनियम, निःशुल्क विधिक सहायता पाने के पात्र व्यक्तियों की श्रेणियां, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा जनपद में संचालित स्थाई लोक अदालत की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराडा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल महेश बलूनी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार और रिटेनर अधिवक्ता कुसुम नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
