पौड़ी

जयराज आंगनबाड़ी केंद्र में मनाया गया पोषण जागरूकता कार्यक्रम

पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बाल विकास परियोजना पौड़ी के आंगनबाड़ी केंद्र जयराज में पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों को संतुलित आहार, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान एक बालक का प्रवेश उत्सव मनाया गया। वहीं, एक गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और उचित देखभाल के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में परिवारों को बच्चों के पोषण और प्रारंभिक विकास में सामुदायिक सहभागिता के लिए भी प्रेरित किया गया। उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी आशा रावत, ज्येष्ठ प्रमुख अर्चना तोपाल, एएनएम अनीता रावत, सुपरवाइजर कमला नेगी एवं सुषमा रावत, वन स्टॉप सेंटर की परामर्शदाता सोनी सौंठियाल, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *