जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
पौड़ी। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए शनिवार को प्रेक्षागृह सभागार पौड़ी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चार्ज अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, जनगणना लिपिक और तकनीकी सहायकों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्मिकों को सीएमएमएस पोर्टल के संचालन और उपयोग के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने कार्मिकों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसे सफल बनाने में प्रत्येक कार्मिक की अहम भूमिका है। उन्होंने कार्मिकों से प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझने और जनगणना के दौरान निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक परिवार और व्यक्ति की गणना सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे। उन्होंने सभी कार्मिकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफल बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण पूरा हो चुका है। द्वितीय चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना कराई जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक जनसंख्या गणना का कार्य होगा। गणना के दौरान यदि कोई परिवार या व्यक्ति छूट जाता है तो उसे शामिल करने के लिए पांच जनवरी से नौ जनवरी तक रिकवरी गणना कराई जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्यालय के संयुक्त निदेशक शैलेंद्र नेगी, जनगणना मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक, शिव कुमार, वीरेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
