पौड़ी

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े की पौड़ी गढ़वाल से उत्साहपूर्ण शुरुआत, पौधरोपण और स्वास्थ्य शिविरों में बढ़–चढ़कर सहभागिता

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक मनाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े की शुरुआत सोमवार को बड़े उत्साह और व्यापक जनसहभागिता के साथ हुई।

अभियान के पहले ही दिन विभिन्न तहसीलों और विकासखंडों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रांसी स्टेडियम के पास जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “स्वच्छ और हरित वातावरण ही स्वस्थ समाज एवं समृद्ध राष्ट्र की नींव है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए।”

जिला चिकित्सालय पौड़ी में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों लोगों की जांच कर नि:शुल्क दवाइयां दीं।

पौड़ी, कोटद्वार, श्रीनगर और सतपुली में रक्तदान शिविर आयोजित हुए, जिनमें युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण के लिए शिविर लगाए गए।

जिला प्रेक्षागृह पौड़ी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धार (मध्यप्रदेश) से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान –

“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” राष्ट्रीय अभियान,

राष्ट्रीय पोषण माह,

सुमन सखी चैटबॉट और आदि सेवा पर्व का शुभारंभ किया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की किश्त भी लाभार्थियों तक स्थानांतरित की गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने रांसी स्टेडियम में पौधरोपण किया।

उन्होंने जिला चिकित्सालय में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया और मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना व फल वितरित किए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ मनविंदर कौर, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, पीडी स्वजल दीपक रावत सहित अनेक विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *