पौड़ी

फरासू के पास सूमो टैक्सी दुर्घटना की होगी मजिस्ट्रियल जांच

एसडीएम श्रीनगर जांच अधिकारी नामित, 15 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश

पौड़ी/श्रीनगर। ऋषिकेश-श्रीनगर-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर फरासू के निकट हुई सूमो टैक्सी दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए उपजिलाधिकारी श्रीनगर को जांच अधिकारी नामित किया है। उन्हें 15 दिन के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को अपराह्न करीब 3:40 बजे फरासू स्थित हनुमान मंदिर के समीप सूमो टैक्सी संख्या यूके-12-टीए-1021 श्रीनगर से धारी देवी की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर खाई में जा गिरा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में दो लोग सवार थे, जिन्हें उपचार के लिए बेस चिकित्सालय श्रीनगर ले जाया गया।

जिला मजिस्ट्रेट ने जांच अधिकारी को दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर निर्धारित समयावधि में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान दुर्घटना के कारणों समेत संबंधित पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि दुर्घटना से संबंधित किसी व्यक्ति के पास कोई महत्वपूर्ण जानकारी अथवा साक्ष्य हो तो वह जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है। इससे दुर्घटना के कारणों की जांच में आवश्यक तथ्यों को शामिल किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *