नैनीडांडा में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर, 36 शिकायतें दर्ज
नैनीडांडा/पौड़ी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड नैनीडांडा सभागार में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जनपद में आयोजित की जा रही बहुउद्देशीय शिविरों की श्रृंखला का यह पहला शिविर रहा। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। इस दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत समेत विभिन्न समस्याओं से संबंधित 36 शिकायतें दर्ज की गईं।

शिविर की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं शिविर में दर्ज कराने के साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।
जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण करने तथा कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा कराने को कहा। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी करने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में गंभीरता बरतने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य शिविर में लोगों को मिली चिकित्सा सुविधा
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इसमें स्थानीय ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया। लोगों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
इन विकासखंडों में लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर
सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के सभी विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। एकेश्वर में 19 सितंबर, खिर्सू में 21 सितंबर, यमकेश्वर में 23 सितंबर, पौड़ी में 24 सितंबर, कोट में 28 सितंबर, पाबौ में 30 सितंबर, पोखड़ा में 1 अक्टूबर, थलीसैंण में 3 अक्टूबर, बीरोंखाल में 6 अक्टूबर, द्वारीखाल में 10 अक्टूबर, दुगड्डा में 13 अक्टूबर, जयहरीखाल में 14 अक्टूबर, कल्जीखाल में 15 अक्टूबर और रिखणीखाल में 17 अक्टूबर 2026 को शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा नेगी, कनिष्ठ उप प्रमुख राजेंद्र पटवाल, जिला पंचायत सदस्य राहुल बिष्ट व मुन्नी ध्यानी, उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
