पौड़ी

स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश, सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण

पौड़ी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने रविवार को दुगड्डा, डाडामंडी, यमकेश्वर क्षेत्र सहित नीलकंठ स्थित एमआरपी सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, आपातकालीन एवं प्रसव सेवाओं तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने सबसे पहले पीएचसी दुगड्डा का कार्यदायी संस्था आरडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पीएचसी डाडामंडी, पीएचसी पोखाल, पीएचसी भृगुखाल, सीएचसी यमकेश्वर, पीएचसी लक्ष्मणझूला और पीएचसी द्विउली का निरीक्षण किया।

उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर कस्याली, ठांगर, बड़ैथ और पोखाल में भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

सीएमओ ने अधिकारियों को आपातकालीन सेवाओं को सुचारु रखने और जरूरतमंद मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रसव केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी रखने तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए भी कहा।

उन्होंने औषधि भंडार के उचित रख-रखाव के साथ ही डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर और अन्य मौसमी बीमारियों के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

डॉ. असवाल ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाएं व्यवस्थित और प्रभावी रहनी चाहिए, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुगम और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर जिला समन्वयक शुभम, कनिष्ठ अभियंता आयुष और कनिष्ठ सहायक प्राची मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *