स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा : द्वारीखाल ब्लॉक केे गांवो में चला सफाई अभियान
द्वारीखाल। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत द्वारीखाल ब्लॉक के विभिन्न गांवों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सामूहिक सहभागिता के साथ गांवों की सफाई कर स्वच्छ भारत मिशन को मजबूत संदेश दिया।

ग्राम पंचायत वरगड्डी में प्रधान विकास चंद्र जुगरान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गलियों, सार्वजनिक स्थानों और सामुदायिक स्थलों की साफ-सफाई की। ग्रामीणों ने कूड़ा-करकट इकट्ठा कर उसका निस्तारण किया और लोगों को स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत कोठार (कल्सी कोठार) में भी प्रधान सुनीता देवी के नेतृत्व में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। यहां उपस्थित ग्रामवासियों को शपथ दिलाई गई कि वे न केवल स्वयं स्वच्छता का पालन करेंगे बल्कि गांव को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने के लिए अन्य लोगों को भी प्रेरित करेंगे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। यदि हम अपने घर, गांव और आस-पास के वातावरण को साफ रखेंगे तो न केवल बीमारियों से बचाव होगा बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति भी सुनिश्चित होगी।

ग्रामीणों ने भी संकल्प लिया कि वे कूड़े का सही निस्तारण करेंगे, खुले में कूड़ा नहीं फेंकेंगे और नियमित रूप से साफ-सफाई करेंगे।
